॥ अमृत-वाणी - २३ ॥


भक्ति वह प्रेम स्वरूप है जिसे बताया नहीं जा सकता है बल्कि स्वयं ही अनुभव किया जा सकता है जिनको भगवान का अनुभव हो जाता है उनमें भक्ति स्वयं प्रकाशित होती है ।
*******
भक्ति प्राप्त करके, मनुष्य न कभी और कुछ चाहता है, न ही शोक करता है, न घृणा करता है, न ही किसी वस्तु में रमता है, वह अन्य विषयों की तरफ उत्साह रहित हो जाता है।
*******
भगवान का अनुभव हुए बिना किया प्रेम साधारण-भक्ति ही होती है, ऎसा निश्चय हो जाने के बाद भी शास्त्रों में बताये कर्मों को करना चाहिये, वरना पतन होने की आशंका रहती है।
*******
भक्ति को प्राप्त करने वाला सांसारिकता को भी निभाता रहता है क्योकि स्नान, भोजन आदि जितने भी इस शरीर से जुड़े कर्तव्य कर्म हैं वे सब शरीर धारण किये हुओं को करने ही पड़ते हैं।
*******
ईश्वर में ही अनन्य भाव, और इसके विरुद्ध विषयों के प्रति उदासीनता, संसारिक और वेदिक कर्म जो भक्ति के अनुकूल हों उनका आचरण करना और उसके विरुद्ध विषयों में उदासीन हो जाता है।
*******
वेद-शास्त्रों से भगवान को केवल जाना जा सकता है, लेकिन प्राप्त केवल भक्ति से ही किया जा सकता है, इसलिये सभी वैदिक कर्मों को भगवान को अर्पित करके, संसारिक हानि कि चिन्ता मत करो।
*******
भगवान की अनन्य-भक्ति केवल भगवान की कृपा से ही मिल पाती है, जब तक अनन्य भक्ति प्राप्त न हो जाये तब तक कर्म तो करना ही पडता है, भक्ति के प्राप्त होने पर ही वास्तविक ज्ञान स्वयं प्रकट होता है।
*******
जब तक भगवान की कृपा प्राप्त नही होती है, तब तक सभी अज्ञान में ही रहकर कर्म में ही प्रवृत रहते है लेकिन कृपा प्राप्त होते ही ज्ञान स्वयं प्रकट हो जाता है, तभी मनुष्य शुद्ध-भक्ति में स्थिर हो पाता है।
*******
प्रसन्नता पूर्वक अपमान सहन करने से और नम्रता धारण करने से अहंकार मिट जाता है।
*******
कोई भी मनुष्य न तो खाली हाथ इस संसार में आता है और न ही खाली हाथ इस संसार से जाता है।
*******
जन्म और मृत्यु संस्कारों पर आधारित होती है और संस्कारों का उत्पन्न न होना ही मुक्ति है।
*******
मनुष्य पुराने संस्कारों को भोगने के लिये संसार में आता है और नये संस्कारों को साथ लेकर संसार से चला जाता है।
*******
संस्कारो की उत्पत्ति सकाम-भाव से कर्म करने से होती है और निष्काम-भाव से कर्म करने से संस्कारो की उत्पत्ति कभी नही होती है।
*******
भगवान को याद करने से वास्तविक संपत्ति जमा होती है और भगवान को भूल जाने से विपत्तियाँ ही जमा होती है।
*******
अपने अन्दर सत्य के प्रकाश को सदा प्रकाशित रखोगे तो क्रोध, भय और लोभ रूपी अन्धकार तुम्हारे पास कभी नहीं आ पायेंगे।
*******
कामनाओं की पूर्ति का होना ही कामनाओं का अन्त है लेकिन कामनाओं की पूर्ति होने पर यह अवश्य ध्यान रहे कि नई कामनाओं का जन्म न होने पाये।
*******